टेक महिंद्रा को 1 हजार 64 करोड़ का फायदा, IDBI बैंक को 324 करोड़ रुपए का लाभ
मुंबई- IDBI बैंक को चालू वित्तीय वर्ष की दूसरी तिमाही (जुलाई-सितंबर) में 324 करोड़ रुपए का शुद्ध फायदा हुआ है। एक साल पहले समान तिमाही में बैंक को 3,459 करोड़ रुपए का घाटा हुआ था। हालांकि इस साल की पहली तिमाही में हुए 144 करोड़ के फायदे से तुलना करें तो यह 125 पर्सेंट ज्यादा है। बैंक का ऑपरेटिंग फायदा 1,246 करोड़ रुपए रहा है। इसमें 23 पर्सेंट की बढ़त रही है। जबकि शुद्ध ब्याज आय 1,695 करोड़ रुपए रही है जो 4 पर्सेंट की बढ़त रही है।
बैंक ने शुक्रवार को फाइनेंशियल रिजल्ट जारी किया। बैंक ने बताया कि दूसरी तिमाही में उसका चालू एवं बचत खाता (कासा) अनुपात 48.33 पर्सेंट रहा है। एक साल पहले की समान तिमाही की तुलना में यह 3.46 पर्सेंट ज्यादा है। बैंक के बुरे फंसे कर्ज (NPA) में भी इस दौरान सुधार आया है। यह 2.67 पर्सेंट रहा है। बैंक ने बताया कि शुद्ध ब्याज आय एक साल पहले समान तिमाही में 1,631 करोड़ रुपए रही थी जो अब 4 पर्सेंट बढ़कर 1,695 करोड़ रुपए हो गई है।
बैंक ने बताया कि शुद्ध ब्याज मार्जिन 37 बीपीएस बढ़कर 2.70 पर्सेंट पर हो गई है। एक साल पहले यह 2.33 पर्सेंट पर थी। बैंक के कासा की कुल राशि एक लाख 8 हजार 217 करोड़ रुपए रही है। बैंक की 42 पर्सेंट उधारी कॉर्पोरेट सेक्टर में जबकि 58 पर्सेंट उधारी रिटेल सेक्टर में रही है। इसका ग्रॉस NPA 25.08 पर्सेंट रहा है। एक साल पहले समान तिमाही में यह 29.43 पर्सेंट था। शुद्ध NPA 5.97 से घटकर 2.7 पर्सेंट पर आ गया है। बैंक ने दूसरी तिमाही में वॉट्सऐप सेवा भी लांच की है। उधर दूसरी ओर आईटी कंपनी टेक महिंद्रा ने भी शुक्रवार को रिजल्ट जारी किया। कंपनी को दूसरी तिमाही में 1 हजार 64 करोड़ रुपए का शुद्ध लाभ हुआ है। एक साल पहले समान तिमाही में हुए फायदा की तुलना में यह 9.5 पर्सेंट ज्यादा है। कंपनी ने बताया कि उसका कुल रेवेन्यू 2.9 पर्सेंट बढ़कर 9 हजार 371.8 करोड़ रुपए हो गया है।
टेक महिंद्रा ने बताया कि डॉलर का रेवेन्यू 4.8 पर्सेंट बढ़कर 126.54 करोड़ डॉलर रहा है। जबकि इसी दौरान इसके रेवेन्यू में 2.9 पर्सेंट की बढ़त दिखी है। कंपनी ने 15 रुपए प्रति शेयर का डिविडेंड भी घोषित किया है। कंपनी ने इस दौरान 842 नए कर्मचारियों को भी नियुक्त किया। इससे कुल कर्मचारियों की संख्या 1 लाख 24 हजार 258 हो गई है। एक्टिव ग्राहकों की संख्या 988 रही है। तिमाही में 7 ग्राहक बढ़े हैं। कंपनी ने गुरुवार को ही बताया था कि उसकी सब्सिडियरी टेक महिंद्रा (अमेरिका) टेक्सास की कंपनी वाइटल टेक होल्डिंग्स में 6.03 पर्सेंट हिस्सेदारी खरीदेगी।